बांकीपुर उपचुनाव में अभिषेक बंटी की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा लड़ेंगे चुनाव, जानिए उलटफेर की वजह

बिहार के हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ है.एनडीए प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है.उनके इस फैसले के बाद अब भाजपा की अगली रणनीति और नए उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है.

बांकीपुर उपचुनाव में अभिषेक बंटी की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा लड़ेंगे चुनाव, जानिए उलटफेर की वजह

पटना (PATNA):बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के एनडीए प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है. उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है.नामांकन वापस लेने के पीछे पारिवारिक कारणों को वजह बताया गया है.

पढ़ें पत्र में अभिषेक बंटी ने क्या लिखा है

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, लेकिन कुछ पारिवारिक कारणों की वजह से वह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे. अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते रहेंगे. उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि संगठन जहां भी जिम्मेदारी देगा, वह उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे.

नीरज कुमार सिन्हा  बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित

आपको बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक माना जा रहा है और इस चुनाव की हर तरफ चर्चा हो रही है.ऐसे में एनडीए प्रत्याशी द्वारा इस चरण में नामांकन वापस लेना चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है.बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए ने नया उम्मीदवार घोषित कर दिया है.अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है.