BPSC TRE-4 पर बड़ा अपडेट: दो चरणों में होगी शिक्षक नियुक्ति, जानिए कब होगी परीक्षा
BPSC ने TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. PT और Mains दोनों ऑब्जेक्टिव होंगे, जबकि आवेदन संख्या पांच लाख से अधिक होने पर परीक्षा दो तारीखों में कराई जा सकती है. परीक्षा दिसंबर से जनवरी के बीच होने की संभावना है.
पटना (PATNA): बिहार लोक सेवा आयोग ने TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर कई अहम जानकारियां साझा की हैं. आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि TRE-4 की चयन प्रक्रिया दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी. उन्होंने इस व्यवस्था का बचाव करते हुए कहा कि बिहार ऐसा करने वाला पहला राज्य नहीं है.
दूसरे राज्यों में भी लागू है दो चरणों की व्यवस्था
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में अभ्यर्थियों का चयन दो चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाता है. उन्होंने कहा कि राधाकृष्ण कमेटी की रिपोर्ट में भी दो स्तर पर परीक्षा आयोजित करने की अनुशंसा की गई है. बिहार आर्थिक अपराध इकाई की ओर से भी ऐसी व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए जाने की बात उन्होंने कही. राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि TRE-4 में प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा, दोनों ऑब्जेक्टिव पैटर्न पर आधारित होंगी. आयोग की ऑब्जेक्टिव परीक्षाओं में सामान्य तौर पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रहता है.
5 लाख से अधिक आवेदन हुए तो दो दिन हो सकती है परीक्षा
TRE-4 के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है. परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक करीब पांच लाख आवेदन मिलने की स्थिति में परीक्षा एक दिन में कराई जा सकती है. यदि अभ्यर्थियों की संख्या इससे अधिक होती है तो परीक्षा दो अलग-अलग तारीखों में आयोजित करने की जरूरत पड़ सकती है. आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने और अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या सामने आने के बाद आयोग परीक्षा की तारीखों पर अंतिम निर्णय लेगा. दिसंबर से जनवरी के बीच परीक्षा की संभावनाTRE-4 परीक्षा के संभावित समय को लेकर आयोग ने संकेत दिया है कि इसका आयोजन दिसंबर से जनवरी के बीच किया जा सकता है. हालांकि अंतिम तारीख आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित होगी.
हिंदी और अंग्रोजी माध्यम के अंकों पर आरोप खारिज
हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को कम और अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों को ज्यादा अंक मिलने के आरोपों को परीक्षा नियंत्रक ने खारिज किया. उन्होंने कहा कि आयोग ने अभ्यर्थियों से माध्यम से जुड़ा ऐसा कोई डेटा नहीं मांगा था जिसके आधार पर इस तरह का निष्कर्ष निकाला जा सके.
असिस्टेंट इंजीनियर रिजल्ट पर कोर्ट के फैसले का इंतजार
Assistant Engineer भर्ती के संबंध में उन्होंने बताया कि मामला करीब एक साल से न्यायालय में लंबित है. अदालत का फैसला आने तक भर्ती का परिणाम जारी नहीं किया जा सकता. वहीं, BPSC की कार्यप्रणाली और जांच पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि आयोग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार काम कर रहा है और संबंधित मुद्दों पर अपना पक्ष पहले ही स्पष्ट कर चुका है.