पटना में आज से बड़ा छात्र आंदोलन, गर्दनीबाग में आमरण अनशन पर बैठेंगे छात्र नेता दिलीप

पटना में आज से बड़ा छात्र आंदोलन, गर्दनीबाग में आमरण अनशन पर बैठेंगे छात्र नेता दिलीप

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में आज से एक बड़े छात्र आंदोलन की शुरुआत होने जा रही है. विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र पटना के गर्दनीबाग में जुटेंगे. छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में कई छात्र आज से आमरण अनशन पर बैठने जा रहे हैं.

पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जानी चाहिए

छात्रों की प्रमुख मांग प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की है. आंदोलन कर रहे छात्रों की मांग है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं परीक्षा में हिंदी माध्यम को लेकर कथित धांधली की निष्पक्ष जांच कराई जाए. छात्रों का कहना है कि परीक्षा से जुड़े उनके सवालों और शिकायतों का समाधान होना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जानी चाहिए.

विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग

इसके साथ ही छात्र बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं. छात्रों की मांग है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा एकल पद्धति से आयोजित की जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. आंदोलन में बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की प्रस्तावित परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी. छात्रों का कहना है कि परीक्षा की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में असमंजस बना हुआ है.

अन्य मांगों को भी उठाया जाएगा

इन प्रमुख मांगों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अन्य मांगों को भी आंदोलन के दौरान उठाया जाएगा. छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में कई छात्र गर्दनीबाग में आमरण अनशन शुरू करेंगे. ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि छात्रों के इस आंदोलन और उनकी मांगों पर सरकार तथा संबंधित आयोगों की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है.