पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति में जनसुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के कई नेताओं ने जनसुराज छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया. भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनसुराज की नेता रूबी गुप्ता, रूबी सिंह और अभिनाश प्रताप रूडी सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. उन्हें बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी और भाजपा के महामंत्री प्रति शेखर ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर और सदस्यता पर्ची देकर स्वागत किया.
पार्टी की जीत लगभग तय
इस अवसर पर मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि जनसुराज के कार्यकर्ता लगातार बड़ी संख्या में भाजपा में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि इससे भाजपा का संगठन और मजबूत होगा. उनका कहना था कि इन नेताओं के आने से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की स्थिति और मजबूत हुई है तथा पार्टी की जीत लगभग तय है.
प्रशांत किशोर के व्यवहार में अहंकार
भाजपा में शामिल होने के बाद अभिनाश प्रताप रूडी सिंह ने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वे बड़े विश्वास और उम्मीद के साथ जनसुराज से जुड़े थे, लेकिन पार्टी में उनकी अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर के व्यवहार में अहंकार है. साथ ही दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद जनसुराज के करीब 80 प्रतिशत कार्यकर्ता पार्टी छोड़ सकते हैं.
रूबी गुप्ता ने कहा कि उन्हें लगा था कि जनसुराज जनता के हित में काम करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर जनता के लिए सुशासन लाने के बजाय अपना "स्वराज" स्थापित करने में लगे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होकर वे पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेंगी.
आम लोगों की सेवा करना उद्देश्य
रूबी सिंह ने अपने समर्थकों का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे किसी पद या व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि किसानों और आम लोगों की सेवा करने के उद्देश्य से भाजपा में शामिल हुई हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और वे इस विकास यात्रा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा के साथ मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी.

