पटना में बड़ा हादसा, बारात से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो में हाइवा ने मारी टक्कर, 4 की गई जान

राजधानी पटना में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

पटना में बड़ा हादसा, बारात से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो में हाइवा ने मारी टक्कर, 4 की गई जान

पटना: राजधानी पटना में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के अथमलगोला थानांतर्गत जगन्नाथ पेट्रोल पंप के समीप की है. बताया जा रहा है कि बाराती से भरा स्कॉर्पियो और हाइवा में जोरदार टक्कर हो गई जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए. मृतकों की पहचान ड्राइवर धीरज कुमार, दूल्हे की चचेरी बहन पूनम कुमारी, बबली कुमारी और रेणु कुमारी के रूप में की गई.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बारात सिकंदरा से बख्तियारपुर आई थी और शादी समारोह में शामिल होने के बाद सभी लौट रहे थे. इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित हाईवा ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए बाढ़ अस्पताल लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. हादसे के बाद सिकंदरा गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.