बिहार में त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, 25 सितंबर से चलेंगी 100 से अधिक स्पेशल बसें

दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए BSRTC 25 सितंबर से 100 से अधिक विशेष बसें चलाएगा. दिल्ली, हरियाणा, यूपी, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई रूटों पर सेवा मिलेगी.

बिहार में त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, 25 सितंबर से चलेंगी 100 से अधिक स्पेशल बसें

TNP DESK : बिहार में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों के लिए परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होने जा रहा है. ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कंफर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने 25 सितंबर से 100 से अधिक विशेष बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी की है. ये बसें दीपावली और छठ तक अलग-अलग रूटों पर यात्रियों को सेवा देंगी.

दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए मिलेंगी बसें

त्योहारी बस सेवा के तहत बिहार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई शहरों से जोड़ा जाएगा. पटना के साथ मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, गया और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों से भी बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों को त्योहार पर बिहार लौटने के लिए ट्रेन के अलावा एक और विकल्प मिलेगा.

यात्रियों को मिलेंगे कई श्रेणियों के विकल्प

विशेष सेवा में डीलक्स, एसी नॉन-सीटर, एसी सीटर और एसी स्लीपर जैसी अलग-अलग श्रेणियों की बसें शामिल की गई हैं. एक बस में 40 से अधिक यात्रियों के सफर की व्यवस्था होगी. यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार बस की श्रेणी चुन सकेंगे.

प्रमुख रूटों पर इतना देना होगा किराया

पटना से गाजियाबाद के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1,544 रुपये, एसी सीटर का 1,896 रुपये और एसी स्लीपर का 2,823 रुपये तय किया गया है. पटना से वाराणसी के लिए इन्हीं श्रेणियों में क्रमशः 435, 531 और 601 रुपये किराया देना होगा. पटना से पानीपत का किराया श्रेणी के अनुसार 1,483 रुपये से 2,727 रुपये तक है. पटना से कोलकाता के लिए किराया 939 रुपये से शुरू होगा. वहीं पटना-रांची रूट पर 567 रुपये से और पटना-सिलीगुड़ी रूट पर 752 रुपये से किराया शुरू होगा. किशनगंज से दिल्ली के लिए किराया 2,011 रुपये से 3,375 रुपये तक रखा गया है. गयाजी से अंबाला के लिए 1,633 रुपये से 2,947 रुपये और मधुबनी से गुरुग्राम के लिए 1,473 रुपये से 2,568 रुपये तक भुगतान करना होगा.

टिकट बुकिंग शुरू, यात्रा से पहले जांच लें सीट

इन विशेष बसों के टिकट की बुकिंग शुरू कर दी गई है. यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित रूट, बस की श्रेणी और सीटों की उपलब्धता जांच लेनी चाहिए. अतिरिक्त जानकारी के लिए BSRTC के टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर संपर्क किया जा सकता है.