पटना (PATNA):बिहार एसटीएफ ने आज पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के टॉप कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल पांडव सेना के सरगना संजय सिंह को पटना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया. आपको बता दें कि संजय सिंह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है.वही लम्बे समय से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी लेकिन यह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था.वह मूल रूप से पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नीमा गांव का रहने वाला है.
लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था संजय सिंह
एसटीएफ के अनुसार, संजय सिंह लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था. उस पर बिहार समेत अन्य राज्यों में हत्या, रंगदारी, नरसंहार, रंगदारी के लिए हत्या, अवैध खनन, भू-माफिया गतिविधियों और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहने के आरोप है. इसके अलावा वह बिहटा थाना कांड में एके-47 बरामदगी मामले में भी फरार चल रहा था.
विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, संजय सिंह के खिलाफ साल 1996 से 2025 तक पटना, जहानाबाद, भागलपुर, हजारीबाग, रांची सहित बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है.इनमें हत्या, हत्या की साजिश, अपहरण, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन और अन्य संगीन अपराध शामिल है.एसटीएफ की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

