पटना (BIHAR) : पटना में आज एनडीए की बड़ी बैठक होने जा रही है. यह बैठक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर होगी. बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार सरकार के सभी मंत्री, एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे. बैठक में सरकार के 100 दिन के कामकाज की समीक्षा, संगठन को मजबूत करने और बाँकीपुर उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार सरकार के सभी मंत्री, NDA के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे. बड़ी संख्या में संगठन और सरकार से जुड़े नेताओं की मौजूदगी के कारण इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सरकार के कामकाज की समीक्षा करना उद्देश्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद सरकार के कामकाज की समीक्षा करना है. इस दौरान सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में और बेहतर काम करने की जरूरत है, उन पर भी चर्चा की जाएगी. सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और विकास कार्यों को तेज करने को लेकर भी मंथन होने की संभावना है.
मजबूत करने की रणनीति की जाएगी तैयार
इसके अलावा NDA के सभी घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने पर भी विशेष चर्चा होगी. जिलाध्यक्षों की मौजूदगी में बूथ स्तर तक गठबंधन को मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी ताकि आने वाले समय में संगठन और अधिक सक्रिय हो सके.
जरूरी कदमों पर होगा विचार-विमर्श
बैठक में बाँकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी. चुनावी तैयारियों, प्रचार अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और जीत सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदमों पर विचार-विमर्श होगा. माना जा रहा है कि बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने की रूपरेखा भी तय की जाएगी.
राजनीतिक दृष्टि से यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति जैसे कई अहम मुद्दों पर फैसला लिया जा सकता है.

