बिहार सरकार का बड़ा तोहफा: 19 खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र,आकाशदीप और मुकेश कुमार बने DSP

बिहार सरकार का बड़ा तोहफा: 19 खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र,आकाशदीप और मुकेश कुमार बने DSP

पटना (PATNA) : बिहार सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों को बड़ा सम्मान देते हुए 19 खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपे. इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी आकाशदीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार में उप पुलिस अधीक्षक  पद पर नियुक्त किया गया. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद दोनों खिलाड़ी अब बिहार सरकार के डीएसपी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे.

मुख्यमंत्री  ने सभी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने हाथों से सभी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया और राज्य का नाम राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए उन्हें सम्मानित भी किया.

सरकार द्वारा नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में विभिन्न खेलों के राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल हैं. इन खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर अलग-अलग सरकारी विभागों में नियुक्ति दी गई है.

बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा

कार्यक्रम में मौजूद बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करेंगे, उन्हें सरकार आगे भी सरकारी नौकरी देकर सम्मानित करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है.

CM  ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा

वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पटना का मोनुअल हक स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर तैयार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम को लेकर बीसीसीआई के साथ भी पहल की गई है और इसे एक शानदार खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा.

देश-दुनिया में बिहार का नाम रोशन करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब पंचायत स्तर पर भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाएगी. उनका उद्देश्य है कि गांवों और पंचायतों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ें, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं तथा देश-दुनिया में बिहार का नाम रोशन करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में भी खिलाड़ियों के विकास और सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी.