बिहार सरकार का बड़ा निर्देश: सभी मंत्री नशा मुक्ति और विकसित भारत संकल्प अभियान में होंगे शामिल

बिहार सरकार का बड़ा निर्देश: सभी मंत्री नशा मुक्ति और विकसित भारत संकल्प अभियान में होंगे शामिल

पटना (PATNA) : बिहार सरकार के कैबिनेट सचिवालय ने राज्य के सभी मंत्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार, बिहार सरकार के सभी मंत्री प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए जा रहे 'नशा मुक्ति एवं विकसित भारत संकल्प अभियान' में अपने-अपने जिलों में शामिल होंगे. इस अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को नई दिल्ली से प्रधानमंत्री द्वारा की जाएगी.

जागरूक करने का प्रयास

कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सभी मंत्री अपने-अपने जिलों में मौजूद रहेंगे और स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे. इसके साथ ही वे आम लोगों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेंगे.

ही 'विकसित भारत संकल्प'

सरकार का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है. साथ ही 'विकसित भारत संकल्प' के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी.

बिहार सरकार ने सभी मंत्रियों से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है ताकि अभियान का प्रभाव राज्य के प्रत्येक जिले तक पहुंचे. माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी भाग लेंगे.

सफल बनाने के निर्देश

कैबिनेट सचिवालय के इस आदेश के बाद सभी जिलों में कार्यक्रम की तैयारियां तेज होने की संभावना है. प्रशासन को भी आवश्यक समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार का मानना है कि जनभागीदारी से नशा मुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में मदद मिलेगी.