भारत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस ने जब्त की तीनों पिस्टल, भेजा गया FSL 

भारत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस ने जब्त की तीनों पिस्टल, भेजा गया FSL

पटना (PATNA): बिहार के आरा जिले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में रोजाना नए-नए अपडेट सामने आ रहे है.वहीं, इस मामले में पुलिस की ओर से रविवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई है, जहां घटना में इस्तेमाल की गई तीनों पिस्टल को जब्त कर लिया गया है. तीनों हथियारों को  जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेज दिया गया है.

ये है ताजा अपडेट

जानकारी के अनुसार, घटना के दिन शाहपुर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार की पिस्टल से हवाई फायरिंग हुई थी.वहीं, एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की पिस्टल से भरत भूषण तिवारी को गोली लगने की बात सामने आई है.इसके अलावा, भरत भूषण तिवारी की पिस्टल से चली गोली पुलिस वाहन के बैनर पर लगने की भी जानकारी मिली है.

भेजा गया FSL 

सूत्रों के मुताबिक, फॉरेंसिक और बैलेस्टिक जांच पूरी होने तथा रिपोर्ट आने तक तीनों पिस्टल पुलिस की कस्टडी में ही रखी जाएंगी.अब बैलेस्टिक जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि किस हथियार से कितनी गोलियां चलीं और भरत भूषण तिवारी को लगी गोली किस पिस्टल से चली थी. इस रिपोर्ट को पूरे मामले की जांच में अहम माना जा रहा है.

जानें क्या है भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला?

आपको बताएं कि 17 जून 2026 को बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस और एसटीएफ की टीम भरत भूषण तिवारी को पकड़ने के लिए उनके घर पहुंची थी. उनके घर को चारों तरफ से पुलिस ने घेर लिया था. इस दौरान भरत भूषण तिवारी ने पुलिस टीम पर बंदूक तान दी थी.

वहीं, थोड़ी देर बाद जब पुलिस चली गई, तो भरत भूषण तिवारी किसी काम से अपने घर से बाहर निकले. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया. उस समय उन्होंने पुलिस पर पिस्टल तान रखी थी. पुलिस के कहने पर उन्होंने अपनी पिस्टल नीचे फेंक दी और आत्मसमर्पण कर दिया. लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उनका एनकाउंटर कर दिया, इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.अब इस घटना को लेकर पूरे देश में बवाल मचा हुआ है.