खान सर की जमानत पर आज बड़ा फैसला, कोर्ट में होगी अहम सुनवाई

खान सर की जमानत पर आज बड़ा फैसला, कोर्ट में होगी अहम सुनवाई

पटना ( PATNA) : चर्चित शिक्षक फ़ैजल खान उर्फ खान सर से जुड़े मामले में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. पटना के जिला एवं सत्र न्यायाधीश (डिस्ट्रिक्ट जज) की अदालत में मामले की सुनवाई होगी. सबसे पहले पुलिस की ओर से पेश की गई अपडेटेड केस डायरी पर दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें रखेंगे. इसके बाद अदालत खान सर की जमानत याचिका पर अंतिम फैसला सुना सकती है. साथ ही जेल में बंद उनके दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत पर भी आज फैसला आने की उम्मीद है.

बढ़ सकती हैं खान सर की मुश्किलें

सूत्रों के अनुसार, पुलिस द्वारा अदालत में पेश की गई नई केस डायरी से खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. बताया जा रहा है कि केस डायरी में दोनों सुरक्षा गार्डों के हथियारों को लेकर कई अहम बातें दर्ज की गई हैं.

पटना पुलिस का दावा है कि खान सर के बॉडीगार्ड तालेबर सिंह के पास जो हथियार था, उसके लिए बिहार में वैध परमिट नहीं था. वहीं दूसरे गार्ड प्रदीप कुमार के हथियार के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस ने सवाल उठाए हैं. पुलिस का कहना है कि हथियार का उपयोग नियमों के अनुसार नहीं किया गया.

मामले का सबसे अहम सवाल 2 जून की घटना को लेकर है. अदालत में इस बात पर भी बहस होगी कि दोनों गार्डों ने हवाई फायरिंग आत्मरक्षा में की थी या फिर लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से गोली चलाई गई थी.

खान सर की जमानत पर भी पड़ सकता है असर

यदि अदालत पुलिस की इस दलील को स्वीकार कर लेती है कि फायरिंग का उद्देश्य दहशत फैलाना था तो इसका असर खान सर की जमानत पर भी पड़ सकता है. वहीं बचाव पक्ष का कहना है कि पूरी घटना आत्मरक्षा में हुई थी और किसी को नुकसान पहुंचाने की मंशा नहीं थी.

अब सभी की निगाहें जिला जज की अदालत पर टिकी हैं, जहां आज होने वाली सुनवाई के बाद खान सर और उनके दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है. अदालत का निर्णय इस चर्चित मामले की आगे की कानूनी दिशा तय करने में अहम साबित होगा.