पटना (PATNA) : बिहार के युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया (TRE-4) के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया है. शिक्षा विभाग ने इन पदों पर भर्ती के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेज दी है. सरकार का कहना है कि इस कदम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी.
बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.उन्होंने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि विकसित बिहार के लक्ष्य को पूरा करने में यह भर्ती अहम भूमिका निभाएगी.
कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी
TRE-4 भर्ती में सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11 और 12 के लिए निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 पद और कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847 पद तय किए गए हैं. इस तरह कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी.
हाल के दिनों में शिक्षक भर्ती को लेकर छात्रों का आंदोलन भी देखने को मिला था.ऐसे समय में सरकार द्वारा अधियाचना भेजे जाने को बड़ा फैसला माना जा रहा है. माना जा रहा है कि जल्द ही BPSC भर्ती प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर सकता है, जिसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी.
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी
शिक्षा विभाग का मानना है कि नई नियुक्तियों से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिल सकेगी. साथ ही, लंबे समय से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को भी अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिलेगा.
अब सभी की निगाहें BPSC की ओर हैं, जहां से TRE-4 भर्ती से संबंधित आधिकारिक विज्ञापन और आवेदन की तारीखों की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है.

