बिहार: TRE-4 पर अब होगी आर-पार की लड़ाई, कल CM आवास घेराव करेंगे छात्र

बिहार में TRE-4 भर्ती परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और छात्र प्रतिनिधियों के बीच दो घंटे तक बैठक हुई. बैठक में एकल परीक्षा पद्धति हटाने और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने जैसे मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, लेकिन सभी मांगें पूरी नहीं होने पर छात्रों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के घेराव का ऐलान किया.

पटना (PATNA): बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. सोमवार को शिक्षा विभाग और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक अहम बैठक हुई. बैठक के बाद छात्रों ने कहा कि वार्ता सकारात्मक रही, लेकिन उनकी सभी मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं. ऐसे में उन्होंने ऐलान किया कि मंगलवार को गांधी मैदान से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक मार्च निकालकर उनका घेराव किया जाएगा.

बता दें, बैठक के बाद छात्र नेताओं ने बताया कि शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रोशन के साथ हुई बातचीत में TRE-4 में एकल परीक्षा पद्धति (Single Exam Pattern) हटाने और परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं रखने जैसे मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई. हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनकी कुछ अन्य प्रमुख मांगों पर अब भी सहमति नहीं बनी है. उनका कहना है कि अब अंतिम फैसला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेना है. छात्रों को उम्मीद है कि सरकार देर रात तक इस मामले में कोई बड़ा निर्णय ले सकती है, लेकिन जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.

छात्र नेताओं ने बताया कि उनके आह्वान पर बिहार के अलग- अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना पहुंच चुके हैं. मंगलवार को गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक विरोध मार्च निकाला जाएगा. इस दौरान छात्रों ने BPSC परीक्षा नियंत्रक के कथित आपत्तिजनक बयान पर भी कड़ी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि इस बयान से छात्रों के प्रति अधिकारियों की सोच सामने आती है. हालांकि, सरकार द्वारा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश का छात्रों ने स्वागत किया. अब सभी की नजर मुख्यमंत्री के अंतिम फैसले पर टिकी है, जिससे TRE-4 विवाद का समाधान निकलने की उम्मीद की जा रही है.