पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई, उपनिदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापेमारी

पटना में EOU ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उपनिदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापेमारी की है. उन पर 3.43 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.

पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई, उपनिदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापेमारी

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उपनिदेशक अजय कुमार सिंह के खिलाफ EOU की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं. यह कार्रवाई पटना समेत उनके तीन ठिकानों पर एक साथ की जा रही है.

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप

EOU से मिली जानकारी के अनुसार, अजय कुमार सिंह पर अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा मामला दर्ज किया है. इसके बाद न्यायालय से आवश्यक अनुमति लेकर उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि EOU की अलग-अलग टीमों ने एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान अधिकारियों की टीम संपत्ति, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेज और संपत्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है.

ज्ञात आय के मुकाबले करीब 90.04 प्रतिशत अधिक

EOU के मुताबिक, अजय कुमार सिंह पर 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. एजेंसी का दावा है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के मुकाबले करीब 90.04 प्रतिशत अधिक है. फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है. जांच के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी पूरी होने के बाद यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि जांच एजेंसी को उनके ठिकानों से कितनी नकदी, संपत्ति के कागजात या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं.