पटना में वज्रपात का कहर! मां की मौत, बच्चा घायल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पटना में वज्रपात का कहर! मां की मौत, बच्चा घायल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बाढ़(BARH):बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को वज्रपात का कहर देखा गया.जहां बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घांघ गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 25 वर्षीय रानी देवी की मौत हो गई, जबकि उनका एक बच्चा घायल हो गया.इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है.मृतका के पति बिकु कुमार ने बताया कि बीती रात परिवार के सभी सदस्य गर्मी के कारण घर की छत पर सो रहे थे.रात करीब 3:45 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदलने लगा.आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी.

 महिला पर बिजली गिरने से, मौत बच्चा घायल

खराब मौसम को देखते हुए परिवार के कुछ लोग छत से नीचे जाकर सोने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान रानी देवी अपने बच्चों के साथ छत से नीचे उतरने के लिए खड़ी हुईं, तभी अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके शरीर पर आ गिरा.घटना के बाद वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गई. ठनका की चपेट में आने से उनका एक बच्चा भी घायल हो गया.

अस्पताल में महिला की मौत

परिजनों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सहायता के लिए कई बार डायल-112 पर फोन किया गया, लेकिन किसी प्रकार की सहायता या प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायल रानी देवी को अथमलगोला पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किए बिना उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया.बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद रानी देवी को मृत घोषित कर दिया.वहीं घायल बच्चे का इलाज जारी है.वहीं पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल में करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है.