Breaking : पटना में जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर से 100 मीटर दूर अंडा खाने गया था...
राजधानी पटना समेत बिहार में इन दिनों अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने राजधानी पटना में बड़ी घटना को अंजाम दिया है.
पटना: राजधानी पटना समेत बिहार में इन दिनों अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने राजधानी पटना में बड़ी घटना को अंजाम दिया है. अपराधियों ने बीती देर रात एक जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई. घटना राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ़ थाना क्षेत्र के ईसापुर की है जहां अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना में जमीन कारोबारी को कई गोली लगी है जिसके बाद उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार देर रात जमीन कारोबारी आसिफ अंडा खाने निकले थे तभी घर से महज 100 मीटर दूर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि उन्हें तीन गोली लगी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन कारोबारी को जमीन खरीद बिक्री के विवाद में गोली मारी गई है. जख्मी ने गुलिस्तान मोहल्ले के मोहम्मद कल्लू और उसके साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुर्गिया टोला निवासी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू अपने घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे अंडा खाने पहुंचे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही छोटू सड़क पर गिर पड़े. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों में छिप गये. वारदात के समय बारिश भी हो रही थी. फायरिंग के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया. पुलिस की शुरुआती जानकारी में आसिफ को तीन गोलियां लगने की बात सामने आयी थी. इनमें दो गोली पीठ और एक कंधे के पास लगी बतायी गयी थी.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोलीकांड के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आयी है. जानकारी के अनुसार, गुलिस्तान मोहल्ले में इस्लामिया बीएड कॉलेज के पास एक जमीन है, जहां होम्योपैथ की दुकान भी संचालित होती है. बताया जा रहा है कि मोहम्मद कल्लू ने इस जमीन को खरीद लिया था. वहीं, आसिफ भी इसे खरीदने के लिए बातचीत कर रहा था. इसी जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली है. पुलिस के अनुसार, आसिफ ने अपने प्रथम बयान में गुलिस्तान मोहल्ला निवासी मोहम्मद कल्लू और उसके साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है. हालांकि, इस मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और हमले में आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस जमीन विवाद के अलावा पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी खंगाल रही है.
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. दो बाइक पर सवार चार अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य बिंदुओं पर भी काम कर रही है. फिलहाल गोलीकांड की जांच जारी है. घटना के बाद से ईसापुर इलाके में दहशत का माहौल है.