पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले मृत्युंजय तिवारी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. पटना में आयोजित कार्यक्रम में बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.
कहा, "अब BJP में ही जिएंगे और BJP में ही मरेंगे."
BJP की सदस्यता लेने के बाद मृत्युंजय तिवारी काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा जीवन BJP के साथ ही बीतेगा. उन्होंने कहा, "अब BJP में ही जिएंगे और BJP में ही मरेंगे."

RJD के दलदल में अब कोई नहीं जाएगा
इस दौरान उन्होंने अपनी पूर्व पार्टी RJD पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में लगातार अपमान का सामना करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मेहनत और निष्ठा की कोई कद्र नहीं की गई. उन्होंने कहा, "मुझे बहुत अपमानित किया गया. RJD के दलदल में अब कोई नहीं जाएगा."
पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे
मृत्युंजय तिवारी ने BJP नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस सम्मान के साथ उन्हें पार्टी में शामिल किया गया है, उसे वह कभी नहीं भूलेंगे. उन्होंने कहा कि BJP ने उन्हें नई पहचान और सम्मान दिया है और वह पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
राज्य की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है
मृत्युंजय तिवारी के BJP में शामिल होने को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. लंबे समय तक RJD का चेहरा रहे तिवारी के पार्टी छोड़ने से राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि उनके इस फैसले का असर आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है.
फिलहाल, मृत्युंजय तिवारी के इस बयान और BJP में उनकी एंट्री ने बिहार के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है. अब सभी की नजर RJD की प्रतिक्रिया और आगे के राजनीतिक घटनाक्रम पर बनी हुई है.

