जेडीयू की बैठक से गैरमौजूदगी पर ललन सिंह ने दी सफाई, कहा- गुजरात दौरे पर था
जेडीयू के प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने वजह बताई. उन्होंने कहा कि वह गुजरात दौरे पर थे और पार्टी में किसी तरह का विवाद नहीं है.
जेडीयू के प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने वजह बताई. उन्होंने कहा कि वह गुजरात दौरे पर थे और पार्टी में किसी तरह का विवाद नहीं है.
पटना (PATNA): जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रबोधन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद ललन सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के समय वह गुजरात के दौरे पर थे. इसी वजह से वह इसमें शामिल नहीं हो सके.
कार्यक्रम की पहले से नहीं थी जानकारी
ललन सिंह ने कहा कि उन्हें प्रबोधन कार्यक्रम के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी. कार्यक्रम के दौरान गुजरात में उनकी व्यस्तता पहले से तय थी. उन्होंने इस मामले को लेकर लगाई जा रही अटकलों को महत्वहीन बताते हुए कहा कि जेडीयू में किसी तरह का विवाद नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट होकर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जेडीयू का गठन नीतीश कुमार ने किया है. पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण विषयों पर आपसी बातचीत, राय-मशविरा और समन्वय के आधार पर निर्णय लिए जाते हैं.
विधायकों ने फोन कर पूछा था कार्यक्रम के बारे में
ललन सिंह के मुताबिक, प्रबोधन कार्यक्रम को लेकर जेडीयू के कई विधायकों ने उनसे फोन पर संपर्क किया था. उन्होंने विधायकों को बताया था कि वह उस समय गुजरात में हैं, इसलिए कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम से एक दिन पहले रात में निशांत कुमार ने उनसे फोन पर बातचीत की थी. इस बातचीत के दौरान भी उन्होंने अपनी व्यस्तता और गुजरात में होने की जानकारी दी थी.
संजय झा से भी हुई थी बातचीत
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से भी फोन पर बात की थी. उनके अनुसार, संजय झा ने बताया कि यह पार्टी का एक सामान्य कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य नए विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों को प्रशिक्षण देना है.
पार्टी में विवाद की बात से किया इनकार
ललन सिंह ने पार्टी के भीतर किसी तरह के मतभेद या विवाद की बात को खारिज किया. उन्होंने कहा कि जेडीयू के सभी नेता मिलकर काम कर रहे हैं. अगर कुछ विधायकों के मन में किसी विषय को लेकर सवाल या शंका है तो वह उनसे बातचीत करेंगे. उन्होंने एक बार फिर कहा कि पार्टी एकजुट है और संगठन के भीतर सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा है.