गया से किसानों से सीधा संवाद करेगी सरकार, योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा फोकस

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि गया से कृषि जन कल्याण संवाद शुरू होगा, जिसमें किसानों की समस्याओं और सरकारी कृषि योजनाओं की प्रभावशीलता की समीक्षा की जाएगी.

गया से किसानों से सीधा संवाद करेगी सरकार, योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा फोकस

पटना (PATNA) : बिहार सरकार किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने और खेती से जुड़ी उनकी समस्याओं को समझने के लिए संवाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाने जा रही है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि गया में कृषि जन कल्याण संवाद की शुरुआत की जाएगी. इस कार्यक्रम के जरिए किसानों से सीधे बातचीत कर सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा.

योजनाओं की प्रावशीलता की होगी समीक्षा

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के अनुसार, राज्य में किसानों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. सरकार अब यह जानना चाहती है कि इन योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक किस स्तर पर पहुंच रहा है. संवाद के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि किसानों को लाभ लेने में किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कृषि कार्य के दौरान किसानों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो. अगर किसी योजना के क्रियान्वयन या कृषि से जुड़ी प्रक्रिया में कोई समस्या सामने आती है तो किसानों से चर्चा कर उसके समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.

किसानों से सीधे ली जाएगी समस्याओं की जानकारी 

कृषि जन कल्याण संवाद का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनना भी है. सरकार यह समझने का प्रयास करेगी कि अलग-अलग क्षेत्रों में किसानों की जरूरतें क्या हैं और मौजूदा योजनाएं उन जरूरतों को कितना पूरा कर पा रही हैं.

सभी जिलों तक पहुंचेगा संवाद कार्यक्रम 

कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा किसान कल्याण संवाद की शुरुआत की जा चुकी है. इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बिहार के अलग-अलग जिलों में भी किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं, उनसे मिलने वाले लाभ और उनका फायदा उठाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी. सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं की जानकारी के अभाव में कोई पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे. इसके साथ ही संवाद से मिले फीडबैक के आधार पर कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर काम किया जाएगा.