पुलिस हैं तो किसी को भी मार दीजिएगा...चाय के पैसे मांगने पर युवक की बेरहमी से पिटाई, फिर क्या हुआ पढ़िये

पटना (PATNA):सरकार की ओर से पुलिस प्रशासन को आम जनता की रक्षा के लिए लगाया गया, जिसके लिए हर नागरिक उन्हें तनख्वाह भी देता है. वहीं, इसके साथ कई ऐसी सुविधाएं भी मिलती हैं, ताकि उनका जीवन आसान बनाया जा सके और पुलिसकर्मी बेफिक्र होकर बिना किसी चिंता के अपने काम को कर सकें. पुलिस के पास केवल गलत लोगों को पकड़ने का अधिकार है, न कि ऐसे लोगों को जो पूरी ईमानदारी के साथ अपना काम कर रहे हैं. इसलिए ऐसा कह रहे हैं क्योंकि कई बार ऐसा होता है कि पुलिसकर्मी अपनी वर्दी का धौंस दिखाकर गलत फायदा उठाते हैं. जहां होटल में खाना खा लेने के बाद जब उनसे पैसे मांगे जाते हैं, तो वे दादागिरी करने लगते हैं. ऐसा ही एक मामला बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है, जहां चाय पीने के बाद जब पुलिस वालों से होटल वाले ने पैसे मांगे, तो उसके साथ बदसलूकी की गई. उसे थप्पड़ मारा गया, गंदी-गंदी गालियां दी गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पढ़िए बिहार पुलिस की करतूत 

आपको बता दें कि यह पूरा मामला पटना जिले के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत फोरलेन के पास स्थित चाय की दुकान का है. जहां दुकानदार को चाय पिलाने का रुपया पुलिस वालों से मांगना महंगा पड़ गया. खाकी के नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने दुकानदार से बर्बरता की. चाय विक्रेता ने पुलिस गाड़ी में आए पुलिस वालों को चाय पिलाने के बाद जब पैसा मांगा, तो पुलिसकर्मी अपना आपा खो बैठे. उन्होंने न केवल दुकानदार के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए उस पर एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए. वहां बैठे लोग इस घटना को देखकर आश्चर्यचकित रह गए. विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. गाड़ी में बैठे सिपाही के अन्य पुलिसकर्मी साथी भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों ने मिलकर चाय विक्रेता को सरेआम पीटना शुरू कर दिया. दबंगई दिखाते हुए वे पीड़ित दुकानदार को गालियां देते और घसीटते हुए अपने साथ ले जाने लगे. मिली जानकारी के अनुसार, मौके पर बख्तियारपुर थाना में तैनात जमादार और दो होमगार्ड शामिल थे.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो

दुकानदार का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कह रहे हैं कि उन्हें पीटकर सिर फोड़ दिया गया. चाय का पैसा वह मांगेंगे तो क्या उनके साथ मारपीट की जाएगी. उन्होंने सिस्टम पर भी सवाल उठाए हैं.मामले को लेकर बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच का प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा. वहीं, एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.