पटना कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ बदसुलूकी, प्रेस कांफ्रेंस के लिए बुला कर NSUI कार्यकर्ताओं ने चलाई कुर्सियां
राजधानी पटना में स्थित कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को पत्रकारों के साथ मारपीट और बदसुलूकी का मामला सामने आया है. इस दौरान वहां कुर्सियां भी चली
पटना: राजधानी पटना में स्थित कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को पत्रकारों के साथ मारपीट और बदसुलूकी का मामला सामने आया है. इस दौरान वहां कुर्सियां भी चली, जिसके पत्रकारों ने प्रेस कांफ्रेस का बहिष्कार कर दिया और निकल गए. बताया जा रहा है कि एनएसयूआई ने कांग्रेस नेता के द्वारा प्रेस कांफ्रेंस किए जाने की बात कह कर पत्रकारों को आमंत्रित किया था. कन्हैया कुमार के नाम पर बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद कहासुनी हुई और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां भी चलाई.
आरोप है कि प्रेस कांफ्रेंस में कन्हैया कुमार के अनुपस्थित होने से पत्रकार नाराज थे, और इसी दौरान बैठने के लिए कुर्सी को लेकर कहासुनी हो गई. इस दौरान काफी देर अफरातफरी का माहौल रहा और पत्रकारों पर कुर्सियां भी चलाई गई. मीडियाकर्मियों का आरोप है कि NSUI के कुछ सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की.
घटना के बाद पत्रकारों ने प्रेस कांफ्रेस की खबर का कवरेज करने से इनकार कर दिया और वहां से निकल गए. कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ बदसुलूकी की वजह से पत्रकारों से में आक्रोश का माहौल है. वहीं मामले में कांग्रेस के एक नेता आदित्य पासवान ने घटना की निंदा की और कहा कि यह घटना बिल्कुल ही अक्षम्य है. इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने कांग्रेस कार्यालय और पार्टी को बदनाम करने की नियत से इस तरह की घटना को अंजाम दिया है.