गजब हाल है भाई... कुश्ती का अखाड़ा बना PMCH अस्पताल, एक-दूसरे पर जमकर बरसे लात-घूंसे और चप्पल, देखिए 

पटना (PATNA):पटना का पीएमसीएच अस्पताल आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में रहता है. कभी डॉक्टरों की लापरवाही तो कभी अस्पताल परिसर में मारपीट की घटनाएं सुर्खियां बनती हैं. एक बार फिर पीएमसीएच चर्चा में है, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में अस्पताल का परिसर रणक्षेत्र में तब्दील होता दिखाई दे रहा है. लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला करते नजर आ रहे हैं. आखिर पूरा मामला क्या है, आइए आपको बताते हैं.

एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला कर रहे हैं. इस दौरान अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और हंगामे का माहौल बन गया. मारपीट करीब 20 मिनट तक चलती रही, जिससे वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई. लिफ्ट का इंतजार कर रहे अन्य लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत लिफ्ट में पहले प्रवेश करने को लेकर हुई थी. पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला करना शुरू कर दिया.

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात TOP प्रभारी और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे. सुरक्षा कर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से मामला और अधिक गंभीर होने से बच गया.गौरतलब है कि पीएमसीएच से इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. कभी डॉक्टरों और कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगते हैं तो कभी अस्पताल परिसर में मारपीट और हंगामे की घटनाएं सुर्खियां बनती हैं. ऐसे में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.