टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार के बहुचर्चित बांकीपुर सीट से जीते जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर लगातार एक से एक चुनौती पूर्ण घोषणाएं कर रहे है, तो अब प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी मार्च का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी लगातार रोजगार और पढ़ाई-लिखाई की बात करने लगे है. तो क्या अब बिहार की राजनीति की दशा और दिशा बदलेगी? यह बात भी सच है कि सरकार भी अब अपना फोकस रोजगार और शिक्षा की ओर बढ़ा दिया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि बिहार के 2.57 लाख युवाओं को कौशल एवं रोजगार के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी. राज्य सरकार ने युवाओं को बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरत के अनुसार रोजगार परक बनाने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम को अगले 5 साल तक जारी रखने का निर्णय लिया है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. युवाओं को सोलर, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, मल्टी स्किल्ड लैब टेक्नीशियन, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन, ब्यूटी एवं वे लनेस , इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली भाषा और उद्यमिता जैसे रोजगार ट्रेनिंग दी जाएगी. सरकार के अनुसार कार्यक्रम से 6436 प्रशिक्षण केन्द्रो के संचालन से प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगें. इन केंद्रों में हर वर्ष करीब 2.57 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा.
इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके-47 से गोली चलाने के मामले में आंदोलन का ऐलान कर दिया है. राजद 19 अगस्त को पार्टी मुख्यालय से लोक भवन तक मार्च करेगा. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसकी घोषणा की है. तेजस्वी यादव ने कहा कि मार्च में सभी सांसद, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगें. बिहार को अब पुलिसिया स्टेट नहीं बनने दिया जाएगा. उन्होंने कहा है कि इस मार्च को लेकर विपक्षी दलों से भी बात की जा रही है. उन्हें भी बिहार में छात्रों को न्याय दिलाने के लिए आमंत्रित किया गया है. पूरा देश जानना चाहता है कि एके -47 से गोली किसके आदेश पर चली. कहा कि विपक्ष ने जब आवाज उठाई तो एक सिपाही को निलंबित किया गया. अब तक एसपी निलंबित क्यों नहीं किए गए?
इधर, जनसुराज के सूत्रधार और बांकीपुर उपचुनाव से जीते विधायक प्रशांत किशोर ताबड़तोड़ घोषणाएं कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि 10,000 बांकीपुर के बेरोजगार नौजवानों को नौकरी दिलवा कर रहेंगें. इसके लिए उन्होंने लोगों से सीवी जमा करने की मांग की है. उन्होंने एक और बड़ी घोषणा की है कि बांकीपुर में मौजूद प्राइवेट स्कूलों की वह फीस कम करवाएंगें. अगले साल मार्च तक यह काम करने का वादा किया है. प्रशांत किशोर विधानसभा क्षेत्र में वार्ड स्तर पर जनसभाएं कर रहे हैं. वह लगातार लोगों से संवाद कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी, सरकारी इंजीनियर, थानेदार या कोई अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं, तो वह उसकी शिकायत विधायक कार्यालय में दे सकते हैं. उन्होंने वादा किया है कि ट्रैफिक की समस्या हो अथवा कोई कर्मी पैसे की मांग कर रहा है तो भी शिकायत करें.
उन्होंने वादा किया है कि वह इन समस्याओं का समाधान निकलवा कर रहेंगे और जनता के कहने पर काम करने के लिए सरकारी अधिकारियों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत करेंगें. उन्होंने फिर दोहराया कि जब तक बिहार में शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधरेगी, तब तक बच्चों का जीवन नहीं सुधर सकता. बांकीपुर के करीब 70% लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते हैं. निजी स्कूलों की फीस कैसे कम हो, इस पर विचार विमर्श किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मार्च 27 तक प्राइवेट स्कूल के मालिकों के साथ बात करके ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, जिससे स्कूल फीस कम हो सकेगी. इससे प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी कुछ आर्थिक राहत मिलेगी. प्रशांत किशोर ने कहा कि अगले 3 महीने में हर पात्र गरीब लोगों को 5 किलो अनाज पूरा मिलने लगेगा. उन्होंने यह भी ऐलान कर दिया है कि सरकारी स्तर पर जो उन्हें आवास आवंटित किया गया है, वहां वह रहने के बजाय अपने आश्रम में ही रहेंगें. सरकारी आवंटित आवास में बांकीपुर के लोगों के लिए उनका कार्यालय चलेगा.

