पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल में अंदरूनी बयानबाजी अब खुलकर सामने आने लगी है. पार्टी के वरिष्ठ विधायक और लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले भाई वीरेंद्र ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने बिना नाम लिए कई गंभीर आरोप लगाए और चेतावनी दी कि अगर उनके खिलाफ बयानबाजी बंद नहीं हुई तो वह उनका "कच्चा चिट्ठा" सार्वजनिक कर देंगे.
भाई वीरेंद्र ने पार्टी के लिए क्या योगदान दिया है
दरअसल, भाई वीरेंद्र से उनके उस बयान पर सवाल पूछा गया जिसमें उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव के आसपास मौजूद "चमचों" को हटाया जाना चाहिए. इस पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए पूछा था कि भाई वीरेंद्र ने पार्टी के लिए क्या योगदान दिया है.
सवाल पर भाई वीरेंद्र नाराज हो गए
इस सवाल पर भाई वीरेंद्र नाराज हो गए. उन्होंने कहा कि जब दूसरे लोग राजनीति में भी नहीं थे, तब से वह राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में जब केवल 22 विधायक जीतकर आए थे तब भी वह पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे और आज भी लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं.
लालू यादव और तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता हैं
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि कुछ लोग तेजस्वी यादव के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे वसूलने और मुलाकात कराने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से उनका कोई संबंध नहीं है और वह केवल लालू यादव और तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता हैं.
जरूरत पड़ी तो सब कुछ सार्वजनिक कर देंगे
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास संबंधित व्यक्ति की कई जानकारियां हैं. यदि जरूरत पड़ी तो वह सब कुछ सार्वजनिक कर देंगे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सामने वाला व्यक्ति अपनी "हैसियत में रहे" और बेवजह बयानबाजी से बचे.
भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद राजद के भीतर चल रही खींचतान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है. हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पूरे विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

