पटना(PATNA): राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने पर विभाग ने जोर दिया है. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) परियोजना समाशोधन समिति की एक अहम बैठक हुई. जिसमें 23 प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.इन प्रस्ताव से राज्य में 3100 रोजगार के अवसर मिलेंगे. बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार की अध्यक्षता में की गई.
उद्योग विभाग के मुताबिक स्वीकृत परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 992.63 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है, जिससे करीब 3,146 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे. यह निर्णय उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना समाशोधन समिति की बैठक में लिया गया.
राज्य की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि नई औद्योगिक परियोजनाओं की स्वीकृति से बिहार के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल आधारित अवसर प्राप्त होंगे. राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर बिहार को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, राइस मिल, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (PEB) स्ट्रक्चर निर्माण, स्टील रूफिंग शीट निर्माण, गारमेंट्स, कॉटन विक एवं अगरबत्ती निर्माण, करुगेटेड पेपर उत्पादन तथा अन्य विनिर्माण इकाइयां शामिल हैं.
इन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में की जाएगी. इनमें फतुहा, बैजनाथपुर, गोरौल, समस्तीपुर, डोनार, बरारी, मरंगा, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र और हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र प्रमुख हैं.
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित और समावेशी औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है. बियाडा के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं. साथ ही बेहतर आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी और नीतिगत सहयोग के जरिए निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
समिति द्वारा स्वीकृत प्रमुख परियोजनाओं में अमूल डेयरी, शिव दुर्गा एग्रो, मूगी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, एमएसक्यू क्लोदिंग एलएलपी, बांका इंडस्ट्रीज, ऑनेस्टी ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड, श्री जी रूफिंग, सियाराम फूड इंडस्ट्रीज, ज्योति प्रिंटिंग वर्क्स, राजरानी टेक्सटाइल, ओम मंगलम और लीफडे बेकर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत कई अन्य कंपनियां शामिल हैं. इसके अलावा होटल क्षेत्र से जुड़े सात प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है.
अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे.