पटना (PATNA): बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है, जहां अगर कोई आम व्यक्ति शराब बेचते हुए या शराब पीकर पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है. लेकिन यहां कानून की रक्षा करने वाले पुलिस के जवानों को शराब पीने की पूरी छूट है.दरअसल, पटना में नशे में टल्ली एक पुलिस जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बिहार सरकार के शराबबंदी कानून और बिहार पुलिस की खाकी पर कई सवालिया निशान खड़े कर दिए है.
VIDEO ने खड़े किए कई सवाल
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि नशे की हालत में एक पुलिस का जवान जमीन पर बैठा हुआ है.उसको घेरकर लोग खड़े हैं और उसको डांट रहे है.वह क्या बोल रहा है, यह भी ठीक से समझ नहीं आ रहा है.इसके बाद अब लोगों की मन में यह सवाल उठ रहा है क्या यही बिहार पुलिस है, जो नशे की हालत में धुत है.
पढ़ें कहां का है पूरा मामला
आपको बता दें कि यह पूरा मामला पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक के पास का है, जहां का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि एक पुलिस अधिकारी नशे की हालत में है, जिसे अपनी सुध तक नहीं है.वह माथा नीचे की तरफ झुकाए बैठा हुआ है.लेकिन सबसे शर्मनाक मोड़ वीडियो में तब आता है, जब अगल-बगल खड़े लोगों में से एक व्यक्ति पुलिस वाले को लात से धक्का मारता है और पुलिस वाला गिर जाता है. अब इस शर्मनाक पुलिसकर्मी की करतूत पर आप क्या कहेंगे? जिसको बिहार में लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, वह खुद ही सुध में नहीं है कि उसको कौन मार रहा है और वह कहां गिर रहा है.बताया जा रहा है कि वीडियो में नशे की हालत में दिख रहा पुलिसकर्मी विनोद राम है.
अदालत तक पहुंच चुका है मामला
फिलहाल, विनोद राम को शराब पीने के मामले में पहले भी निलंबित किया जा चुका है.वीडियो की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर उसकी चिकित्सीय जांच कराई.मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है.इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-02) रंजन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है.उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

