पटना (PATNA): रविवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 8वीं पुण्यतिथि है. इस मौके पर पूरे देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है. वहीं, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी. पटना के पाटलिपुत्र पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया.

ट्विटर पर पोस्ट किया शेयर
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की कुछ पंक्तियां शेयर कीं. उन्होंने लिखा, हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता-मिटाता हूं, गीत नया गाता हूं. आगे लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर आज पटना के पाटलिपुत्र पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. राष्ट्र सेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्य और अंत्योदय के प्रति अटल जी का समर्पण सदैव हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा. उनका विराट व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण भारतीय राजनीति की अमूल्य विरासत है.

राष्ट्र के प्रति योगदान और उनके विचारों को याद किया गया
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधायक संजय कुमार गुप्ता, विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन के साथ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र के प्रति योगदान और उनके विचारों को याद किया गया.

