राजधानी में गृहरक्षक उतरे सड़क पर, घेरा डीजीपी का कार्यालय, जानिए पूरा मामला
बिहार में एक तरफ सरकार नए नौकरी और रोजगार देने का वादा कर उस पर अमल भी कर रही है तो दूसरी तरफ बिहार में नौकरी करने वाले लोग भी सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं
बिहार में एक तरफ सरकार नए नौकरी और रोजगार देने का वादा कर उस पर अमल भी कर रही है तो दूसरी तरफ बिहार में नौकरी करने वाले लोग भी सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं
पटना: बिहार में एक तरफ सरकार नए नौकरी और रोजगार देने का वादा कर उस पर अमल भी कर रही है तो दूसरी तरफ बिहार में नौकरी करने वाले लोग भी सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. सोमवार को बड़ी संख्या में गृह रक्षा वाहिनी के जवान राजधानी की पटना की सड़क पर उतरे. सभी गांधी मैदान के पास एकजुट हुए और फिर वहां से छज्जुबाग स्थित बिहार गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय पहुंचे. यहां महानिदेशक सह समादेष्टा के कार्यालय के सामने सब ने धरना देना शुरू कर दिया और डीजी सह डीजीपी प्रीता वर्मा के कार्यालय को घेर लिया. इस आंदोलन का आह्वान बिहार रक्षावाहिनी स्वयंसेवक संघ ने किया है. संघ के महासचिव सुदेश्वर प्रसाद ने बताया कि गृहरक्षकों की समस्याओं को लेकर कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को जानकारी दी गयी है. इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि राज्य के अलग-अलग जिलों में गृहरक्षक कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं. संघ प्रतिनिधियों के साथ बैठक के लिए भी अब तक कोई तारीख निर्धारित नहीं की गयी है. इससे गृहरक्षकों में नाराजगी है.

प्रदर्शन कर रहे गृहरक्षकों की मांग है कि उन्हें सेवानिवृत्ति लाभ की गणना खाता खुलने की तारीख के बजाय बहाली की तारीख से की जानी चाहिए. इसके साथ ही पे-रोल या नकद भुगतान के तहत काम करने की अवधि को भी सेवा गणना में शामिल किया जाए. बहाली के समय से औसत सेवा अवधि मानकर या पांच बोर्ड भरे जाने पर सेवानिवृत्ति लाभ देने संबंधी आदेशों का पालन कराने की मांग की गयी है. संघ ने ईपीएफ कटौती और भुगतान में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया है.
संघ के महासचिव ने कहा कि सितंबर 2019 से गृहरक्षकों के वेतन से ईपीएफ की कटौती हो रही है, लेकिन कुछ जिलों में यह राशि ईपीएफ कंपनी में जमा नहीं की गयी है. इस कारण सेवानिवृत्त और मृत गृहरक्षकों के आश्रितों को बीमा और पेंशन का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है. संघ का आरोप है कि कई मामलों में 12 प्रतिशत राशि गृहरक्षकों के खाते में और 13 प्रतिशत राशि जिला समादेष्टा के खाते में रहने के कारण भुगतान की प्रक्रिया अटक रही है. संघ ने संबंधित राशि का अविलंब भुगतान कराने और इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है.
प्रदर्शनकारियों ने मृत गृहरक्षकों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का मामला भी उठाया. संघ के अनुसार, कई जिलों में अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन लंबे समय से लंबित हैं. छोटी-मोटी त्रुटियों के नाम पर भी आश्रितों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. संघ ने लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर पात्र आश्रितों को नियुक्ति देने की मांग की है.
