बिहार: बाढ़ग्रस्त पानापुर में हेलीकॉप्टर से राशन पैकेट का एयर ड्रॉप, लोगों तक पहुंची मदद

सारण जिले के बाढ़ग्रस्त पानापुर प्रखंड में आज बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है. प्रभावित इलाकों में राशन पैकेट और खाने-पीने की जरूरी सामग्री एयर ड्रॉप के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है.

सारण(SARAN): जिले के बाढ़ग्रस्त पानापुर प्रखंड में आज बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है. प्रभावित इलाकों में राशन पैकेट और खाने-पीने की जरूरी सामग्री एयर ड्रॉप के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है. बाढ़ के कारण जिन इलाकों में सड़क मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो रहा है, वहां हेलीकॉप्टर के माध्यम से लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने राहत कार्यों में तेजी लाई है. सारण जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त राशन पैकेट की मांग किए जाने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई. इसके जरिए जरूरतमंद परिवारों के लिए तैयार किए गए राशन पैकेट बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाए जा रहे हैं.

राहत सामग्री के एयर ड्रॉप की व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे. पटना के जिलाधिकारी ने राहत सामग्री पहुंचाने से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की. प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ से घिरे परिवारों तक बिना किसी देरी के जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सके. प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं.

राज्य सरकार का कहना है कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक मदद पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है.