सीतामढ़ी सदर अस्पताल में अचानक पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, अव्यवस्था देख अधिकारियों पर भड़के

सीतामढ़ी सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की उपलब्धता, पेयजल, एम्बुलेंस, साफ-सफाई और मरीजों को रेफर किए जाने से जुड़ी शिकायतों पर नाराजगी जताई. अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए.

सीतामढ़ी सदर अस्पताल में अचानक पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, अव्यवस्था देख अधिकारियों पर भड़के

सीतामढ़ी(SITAMARHI) : सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया. मंत्री के बिना पूर्व सूचना अस्पताल पहुंचने से चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पताल प्रशासन के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल की कई समस्याएं सीधे मंत्री के सामने रखीं.

डॉक्टरों की गैरहाजिरी की मिली शिकायत

स्वास्थ्य मंत्री ने इमरजेंसी सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया. इस दौरान मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के समय कई चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते. मंत्री ने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर इलाज की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपलब्धता और अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. परिजनों ने ड्यूटी रोस्टर की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जरूरत के समय संबंधित डॉक्टर को तलाशने में परेशानी होती है.

पानी और एम्बुलेंस की व्यवस्था पर उठे सवाल

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पेयजल और एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आईं. मरीजों के परिजनों ने मंत्री को बताया कि अस्पताल आने वाले लोगों को कई बार जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई मरीजों को समुचित उपचार देने के बजाय दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी अस्पताल या क्लीनिक का सहारा लेना पड़ता है.

सफाई और बेड की स्थिति देखकर जताई नाराजगी

स्वास्थ्य मंत्री ने वार्डों में बेड, चादर और साफ-सफाई की स्थिति भी देखी. व्यवस्थाओं में कमियां सामने आने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सिविल सर्जन के प्रति नाराजगी जताई. साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

आयुर्वेदिक अस्पताल का भी किया निरीक्षण

सदर अस्पताल का जायजा लेने के बाद स्वास्थ्य मंत्री गुदड़ी रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल भी पहुंचे. वहां मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों को कमियों को दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.स्वास्थ्य मंत्री के अचानक हुए इस निरीक्षण के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए अस्पताल प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है.