पटना में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने युवाओं संग की बैठक, बोले- युवा ही देश की असली ताकत

पटना में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने युवाओं संग की बैठक, बोले- युवा ही देश की असली ताकत

पटना (PATNA) : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना में युवाओं के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और वही देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. बैठक में उन्होंने पार्टी की नीतियों और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की.

बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने युवाओं के साथ सकारात्मक चर्चा की और उन्हें अपने पिता तथा सरकार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं थी. लोगों को बेहतर इलाज की सुविधाएं नहीं मिलती थीं. लेकिन पिछले वर्षों में सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का काम किया है. अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं और लोगों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं.

बिहार के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उद्देश्य

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है. उन्होंने युवाओं से समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही बिहार और देश का भविष्य मजबूत होगा.

हालांकि, जब पत्रकारों ने राज्य के दो अस्पतालों में कथित लापरवाही के मामले पर स्वास्थ्य मंत्री से सवाल पूछा तो उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. सवाल का जवाब दिए बिना वह वहां से निकल गए.

स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया और कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार किया गया है. वहीं अस्पतालों में लापरवाही के सवाल पर उनकी चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी रही.