दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, छपरा-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू

दिल्ली जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, छपरा-आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू

पटना (PATNA): अब छपरा से दिल्ली और दिल्ली से छपरा की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. रेलवे प्रशासन ने 12527/12528 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू कर दिया है. इस ट्रेन के नियमित परिचालन से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और पूर्वांचल के अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक बेहतर रेल संपर्क मिलेगा. रेलवे के अनुसार 12527 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस 28 जून 2026 से प्रत्येक रविवार को जबकि 12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस 29 जून 2026 से प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से संचालित होगी. इससे यात्रियों को यात्रा के लिए एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा.

बता दें, रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन का उद्घाटन 19 जून 2026 को विशेष गाड़ी चलाकर किया था. उद्घाटन के बाद अब इसका नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है. निर्धारित समय के अनुसार 12527 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को रात 8:50 बजे छपरा से रवाना होगी और बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी. वहीं वापसी में 12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. इनमें जनरल सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास, AC 3-टियर इकोनॉमी, AC 3-टियर, AC 2-टियर, AC फर्स्ट-कम-सेकंड क्लास के अलावा लगेज और जनरेटर कोच भी शामिल रहेंगे. नियमित संचालन शुरू होने से दिल्ली रूट पर यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ वाली ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण की स्थिति और ट्रेन की जानकारी अवश्य जांचने की अपील की है.