बिहार के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अगस्त में TRE 4 भर्ती, 29 जुलाई से ट्रांसफर प्रक्रिया होगी शुरू

बिहार के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अगस्त में TRE 4 भर्ती, 29 जुलाई से ट्रांसफर प्रक्रिया होगी शुरू

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार बड़े-बड़े फैसले ले रही है. एक तरफ जहां सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों के हित में कई कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के हितों को भी प्राथमिकता दी जा रही है. इसी बीच बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शिक्षक भर्ती और शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.उन्होंने बताया कि TRE-4 भर्ती को लेकर 27 जुलाई तक अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद अगस्त में भर्ती का विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है. इस चरण में 20,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है.

29 जुलाई से ट्रांसफर प्रक्रिया होगी शुरू

शिक्षा मंत्री ने बताया कि TRE-4 को लेकर शिक्षा विभाग में तेजी से काम चल रहा है. फिलहाल दो जिलों में रोस्टर से संबंधित प्रक्रिया शेष है. इसे पूरा करने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से अधियाचना BPSC को भेज दी जाएगी. विभाग का लक्ष्य 27 जुलाई तक अधियाचना भेजने का है, ताकि BPSC अगस्त में भर्ती का विज्ञापन जारी कर सके और चयन प्रक्रिया शुरू हो सके. इस कार्य को जल्द पूरा करने के लिए रविवार को भी कार्यालय खोलकर काम किया जाएगा.TRE-4 के तहत 20,000 से अधिक पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी है. ऐसे में लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया भी अब शुरू की जाएगी. 29 जुलाई से ऑनलाइन ट्रांसफर के लिए आवेदन लिए जाएंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त होगी. विभाग द्वारा तय समय-सारिणी के अनुसार चरणबद्ध तरीके से ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया को 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

ट्रांसफर के लिए चरणबद्ध व्यवस्था बनाई गई है

शिक्षा विभाग की ओर से ट्रांसफर के लिए चरणबद्ध व्यवस्था बनाई गई है. पहले चरण में युक्तिकरण और समायोजन, दूसरे चरण में पारस्परिक (म्यूचुअल) ट्रांसफर, जबकि तीसरे चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.शिक्षा मंत्री ने बताया कि नई नीति के तहत महिला शिक्षकों को उनकी पंचायत या उसके आसपास पदस्थापित करने की कोशिश की जाएगी, जबकि पुरुष शिक्षकों को निकटतम प्रखंड (ब्लॉक) में पोस्टिंग देने की व्यवस्था बनाई जा रही है. इसका उद्देश्य शिक्षकों को यथासंभव सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना है.