गंगा का जलस्तर घटा, फिर भी बिहार में टला नहीं बाढ़ का खतरा, मंत्री विजय चौधरी ने बताई बड़ी वजह

बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने गंगा समेत प्रमुख नदियों के जलस्तर और फरक्का बराज के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने फरक्का समझौते में बिहार के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की और विधान परिषद चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया.

गंगा का जलस्तर घटा, फिर भी बिहार में टला नहीं बाढ़ का खतरा, मंत्री विजय चौधरी ने बताई बड़ी वजह

पटना (PATNA): बिहार में नदियों के बढ़े जलस्तर और बाढ़ के हालात को लेकर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने स्थिति को गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में गंगा का पानी पिछले 24 घंटे से नीचे जा रहा है, लेकिन राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में अभी राहत की स्थिति नहीं बनी है. भागलपुर और सुल्तानगंज में जलस्तर फिलहाल स्थिर बना हुआ है.

गंगा, पुनपुन और दरधा के जलस्तर पर नजर

विजय चौधरी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में सुधार प्रमुख नदियों के जलस्तर पर निर्भर करेगा. गंगा के साथ पुनपुन और दरधा नदी का पानी जब तक पर्याप्त रूप से कम नहीं होता, प्रभावित इलाकों में खतरा बना रहेगा. सरकार लगातार हालात की निगरानी कर रही है और नदियों के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखी जा रही है. फरक्का बराज का मुद्दा उठाते हुए विजय चौधरी ने गंगा में जमा हो रही गाद को बिहार के लिए बड़ी चुनौती बताया. उनका कहना है कि गाद के कारण नदी की जलधारण क्षमता प्रभावित होती है और इसका असर बिहार में बाढ़ की समस्या पर भी पड़ता है.

उन्होंने कहा कि फरक्का से जुड़े समझौते के नवीकरण के दौरान बिहार की परिस्थितियों और राज्य के हितों को विशेष महत्व मिलना चाहिए. विजय चौधरी ने इस विषय को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखने की बात भी कही. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बिहार के हित में एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की.

विधान परिषद की आठ सीटों पर भी बोले विजय चौधरी

बाढ़ और फरक्का के अलावा विजय चौधरी ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दल आपसी बातचीत और सहमति के आधार पर सीटों का फैसला करेंगे.उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए इन सभी सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेगा. जेडीयू के अंदर नाराजगी से जुड़े सवालों को भी उन्होंने खारिज किया. विजय चौधरी के मुताबिक पार्टी में किसी तरह का असंतोष नहीं है और जेडीयू पूरी तरह एकजुट है.