पटना (PATNA) : बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अर्जुन राय ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और स्वागत करते हुए कहा कि अर्जुन राय जैसे अनुभवी नेता के आने से पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलेगी.
नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत
इस अवसर पर अर्जुन राय के साथ कई अन्य नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा. इनमें विमल शुक्ला, साकेत कुमार, मोनी गुप्ता, अधिवक्ता मनोज गुप्ता, जनसुराज के नेता आशीष गिरी, पूर्व नगर निगम प्रत्याशी कुसुम लता वर्मा तथा बांकीपुर विधानसभा सीट से नामांकन वापस लेने वाले सिकंदर कुशवाहा शामिल रहे. सभी नए सदस्यों का पार्टी नेताओं ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया
समाज के सभी वर्गों का विश्वास जीत रही है
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा लगातार समाज के सभी वर्गों का विश्वास जीत रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भाजपा से जुड़ रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के आने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा.
पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे
मिलन समारोह के दौरान भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों से संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया. वहीं, पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि वे भाजपा की विचारधारा और विकास की राजनीति से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे.
मिलन समारोह राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित यह मिलन समारोह राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विभिन्न दलों के नेताओं के भाजपा में शामिल होने से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ सकती है. आने वाले समय में इसका असर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी रणनीतियों पर भी देखने को मिल सकता है.

