पटना (PATNA) : राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित नए सरकारी आवास की रंगाई-पुताई का काम लगभग पूरा हो गया है. पहले भगवा रंग वाले इस आवास को अब सफेद और हरे रंग से सजाया जा रहा है. माना जा रहा है कि तैयारियां पूरी होते ही राबड़ी देवी जल्द नए घर में शिफ्ट हो सकती हैं.
जानकारी के अनुसार, पहले आवास पर भगवा (केसरिया) रंग किया गया था, लेकिन अब उसकी जगह सफेद और हरे रंग का पेंट किया जा रहा है. मुख्य गेट, जो पहले भगवा रंग का था, उसे भी हरे रंग से रंग दिया गया है. वहीं, आवास की दीवारों और अन्य हिस्सों में भी सफेद और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है.
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का प्रमुख रंग हरा माना जाता है. पार्टी के चुनाव चिह्न लालटेन और कार्यकर्ताओं के गमछे में भी हरे रंग का इस्तेमाल होता है. इसी कारण नए आवास की रंगाई में सफेद और हरे रंग को प्रमुखता दी गई है.
जल्द शिफ्ट होने की संभावना
राबड़ी देवी ने नए आवास में जाने से पहले सरकार से एक महीने का समय मांगा था, ताकि पुराने आवास को खाली करने और नए घर में आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें. अब रंगाई-पुताई का काम लगभग पूरा होने के बाद उनके जल्द शिफ्ट होने की संभावना जताई जा रही है.
आपसी संपर्क भी आसान रहेगा
नया सरकारी आवास राबड़ी देवी के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास के पास स्थित है. इससे परिवार के सदस्यों के लिए आपसी संपर्क भी आसान रहेगा.
गौरतलब है कि सरकारी आवास को लेकर राज्य सरकार और राबड़ी देवी के बीच लंबे समय तक विवाद और बहस चली थी. इसके बाद राबड़ी देवी ने आखिरकार 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का फैसला किया. यह आवास अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है.
फिलहाल नए आवास में अंतिम तैयारियां चल रही हैं. काम पूरा होते ही राबड़ी देवी के परिवार के नए घर में प्रवेश करने की संभावना है. इससे लंबे समय से चल रहा आवास का मामला भी समाप्त हो जाएगा.
न

