विदेशी ताकतें फैला रहीं सूखे नशे का जाल, फारबिसगंज से मंत्री दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान 

विदेशी ताकतें फैला रहीं सूखे नशे का जाल, फारबिसगंज से मंत्री दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान

अररिया (ARARIA):अररिया जिले के फारबिसगंज महाविद्यालय में रविवार को 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया.इस अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए.उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया.कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जायसवाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की.उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है.नशे की लत के कारण परिवार टूट रहे हैं और समाज में अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है.

युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति लगातार जागरूक करें

उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और मीडिया कर्मियों से अपील की कि वे युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति लगातार जागरूक करें. उन्होंने कहा कि 'नशा मुक्त भारत अभियान' तभी सफल होगा, जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा.डॉ. जायसवाल ने कहा कि विदेशी ताकतें भारत में सूखे नशे (सिंथेटिक ड्रग्स) का जाल फैलाने की कोशिश कर रही है. 

नेटवर्क के ख़िलाफ़ एक्शन ज़रूरी

ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ना और जड़ से खत्म करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और इस लड़ाई में जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.