लोक भवन के सवाल और शुरू हुए विवाद के बाद नीतीश के करीबी अशोक चौधरी ने छोड़ा लाभ का पद, भेज दिया इस्तीफा

बिहार में विधान परिषद सदस्य, मंत्री और कॉलेज में सहायक प्राध्यापक की नौकरी पर विवाद शुरू होने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी ने बड़ा निर्णय लिया है
लोक भवन के सवाल और शुरू हुए विवाद के बाद नीतीश के करीबी अशोक चौधरी ने छोड़ा लाभ का पद, भेज दिया इस्तीफा

पटना: बिहार में विधान परिषद सदस्य, मंत्री और कॉलेज में सहायक प्राध्यापक की नौकरी पर विवाद शुरू होने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी ने बड़ा निर्णय लिया है. एक साथ दो से अधिक लाभ के पदों पर रहने को लेकर राजभवन की तरफ से सवाल उठने और सियासी मुद्दा बनने के बाद अशोक चौधरी ने कानूनी सलाह ली और शिक्षण के पेशे से किनारा कर लिया. उन्होंने एएन कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से अब अपना इस्तीफा पाटलिपुत्रा विश्वविद्यालय को भेज दिया है जिसके बाद यूनिवर्सिटी आगे की कार्रवाई में जुट गई है. हालांकि अभी विश्वविद्यालय प्रबंधन इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहा है.

बता दें कि अशोक चौधरी के विधान परिषद का सदस्य, सरकार में मंत्री और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी को लेकर लोक भवन ने आपत्ति जताया था. दरअसल अशोक चौधरी ने इसी वर्ष 17 फरवरी को एएन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में असिटेंट प्रोफेसर के पर योगदान दिया था. योगदान देने के अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अवैतनिक अवकाश के लिए आवेदन दिया था. अशोक चौधरी की नियुक्ति और अवकाश के आवेदन को लेकर विवाद शुरू हो गया और 19 अगस्त को हुए सिंडिकेट की बैठक में भी मुद्दा उठाया गया जिसमें छुट्टी के आवेदन को खारिज कर दिया गया.

सिंडिकेट की बैठक में अशोक चौधरी की छुट्टी नामंजूर होने के बाद यह लोकभवन पहुंच गया. इसके बाद 31 अक्टूबर को लोक भवन ने अशोक चौधरी की नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन (छुट्टी) की पात्रता पर सवाल उठाया. इस मामले में विधान परिषद सदस्य और मंत्री रहते हुए सहायक प्राध्यापक के पद को लाभ का पद मानते हुए नियुक्ति पर सवाल उठाया. इसमें कहा गया था कि वेतन नहीं लेने के मामले में भी यह लाभ का पद माना जाएगा. लोक भवन ने इस मामले में महाधिवक्ता से भी राय मांगी थी और माना जा रहा था कि अशोक चौधरी की विधान परिषद की सदस्यता और मंत्री पद का सकता है.

पूरे मामले को लेकर राज्य में राजनीति भी काफी तेज हुई और कई तरह के सवाल उठे. इस बीच अशोक चौधरी ने पूरे मामले में कानूनी राय ली तथा अपनी विधान परिषद की सदस्यता एवं मंत्री पद बचाने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से इस्तीफा दे दिया.