स्वतंत्रता दिवस पर JDU-RJD कार्यालयों में झंडोतोलन, नेताओं ने बिहारवासियों को दी शुभकामनाएं

स्वतंत्रता दिवस पर JDU-RJD कार्यालयों में झंडोतोलन, नेताओं ने बिहारवासियों को दी शुभकामनाएं

पटना (PATNA) : देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में भी जगह-जगह तिरंगा फहराया गया. राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला. जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में झंडोतोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

जदयू पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सलामी दी

जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. झंडोतोलन के बाद उमेश कुशवाहा ने बिहार और देश के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गर्व और सम्मान का दिन है. यह दिन हमें उन वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत देश को आजादी मिली.

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तिरंगा फहराया

वहीं, पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोतोलन किया गया. राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. कार्यक्रम में राजद के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. झंडोतोलन के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया. मंगनी लाल मंडल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दोनों राजनीतिक दलों के कार्यालयों में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के सम्मान के साथ देश और बिहार की प्रगति की कामना की।