ट्रेनें फुल, हवाई जहाज का किराया आसमान पर, छठ महापर्व पर घर आने की तैयारी शुरू लेकिन...
दुर्गा पूजा की समाप्ति के साथ ही दिवाली और छठ महापर्व की तैयारी तेज हो गई है. इस दौरान बिहार आने वाले लोगों की संख्या के अनुसार सुविधा काफी कम है. लोगों को उम्मीद है कि इस बार भी विशेष ट्रेन और बसों का परिचालन किया जाएगा
पटना: देश भर में धूमधाम से दुर्गा पूजा संपन्न होने के बाद बिहार झारखंड में छठ महापर्व की तैयारी काफी तेज हो गई है. इसके साथ ही देश के दूसरे हिस्सों में रहने वाले समेत विदेशों में रहने वाले बिहार के लोगों ने भी अपने गांव आने की तैयारी तेज कर दी है. छठ महापर्व को लेकर लोगो के अंदर उत्साह तो चरम पर देखा जाता है लेकिन अब उनके सामने एक सबसे बड़ी चुनौती भी मुंह बाए खड़ी है. वह बड़ी चुनौती है बिहार तक पहुंचना. दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर समेत अन्य शहरों से बिहार आने वाली ट्रेन में सीटें फुल हो चुकी है तो दूसरी तरफ हवाई जहाजों का किराया भी दो से तीन गुना तक बढ़ गई है.
ट्रेन फुल, हवाई जहाज का किराया आसमान में
दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर, चेन्नई समेत राज्य के अन्य हिस्सों से बिहार आने वाली ट्रेनों में अभी से भीड़ बढ़ने लगी है साथ ही टिकट की मारामारी भी बढ़ने लगी है. दिवाली और छठ के अवसर पर बिहार आने वाली सभी ट्रेनों में सीटें अभी से फुल हो गई हैं और बुकिंग के दौरान नो रूम बताया जा रहा है. इतना ही नहीं आम तौर पर जहां दिल्ली से पटना तक के लिए हवाई जहाज का किराया 5 से 8 हजार रुपए के बीच होता है वही किराया अभी 13 से 30 हजार रुपए के बीच हो गया है. इसके साथ ही मुंबई और बैंगलोर से आम तौर पर हवाई जहाज का किराया 6 से 10 हजार रूपये के बीच होता है लेकिन अभी वह 20 से 45 हजार रुपए हो गया है.
सरकार की व्यवस्थाएं
बीते वर्षों की स्थिति पर गौर करें तो हर वर्ष दिवाली और छठ के अवसर पर रेलवे स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करती है. रेलवे ने इस वर्ष भी कई रूट पर विशेष ट्रेनों की घोषणा कर दी है लेकिन छठ मनाने के लिए बिहार आने वाले लोगों की संख्या के सामने में यह नाकाफी साबित होती है. पिछले वर्ष बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के विभिन्न शहरों से अनुदानित किराए पर बसों का परिचालन किया गया था जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली थी. वर्ष 2025 में रेलवे ने भी छठ महापर्व मनाने बिहार आने वाले लोगों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की थी जिसमें एक साथ बिहार आने और जाने के लिए टिकट कटवाने वाले लोगों को विशेष छूट दी गई थी. अब रेलवे ने जिस तरह से बिहार आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों की घोषणा शुरू की है उसके अनुसार लोगों में अभी उम्मीद है कि इस बार भी उन्हें ट्रेन की सुविधा मिलेगी.