बगावत के आरोप में पार्टी से 6 वर्ष के लिए निकाले गए, JDU उम्मीदवार को हराने पर BJP में होगी वापसी, सीएम से मिले राहुल राज
पार्टी और गठबंधन से बगावत कर एमएलसी चुनाव लड़ने वाले राहुल राज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है. इस दौरान सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी भी मौजूद रहे जिससे अटकलें लगाईं जा रही है कि अब उनकी घर वापसी हो जाएगी.
पटना: विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन सीट से निर्दलीय विजयी उम्मीदवार राहुल राज की भाजपा में वापसी की अटकलें अब तेज हो गई है. चुनाव में जदयू प्रत्याशी को हराने वाले राहुल राज ने भाजपा के सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस मुलाकात को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है कि जिस आरोप में पार्टी ने उन्हें पार्टी से 6 वर्षों के लिए बाहर किया अब उसी में सफलता मिलने के बाद उनकी घर वापसी हो जाएगी. उन्होंने चुनाव में जदयू के उम्मीदवार आनंद पुष्कर को 1815 वोट से हराया है. भाजपा में प्रदेश स्तर पर पदाधिकारी रह चुके राहुल राज विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक सीट से भाजपा की टिकट के दावेदार बताए जा रहे थे.
राहुल राज भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार थे लेकिन सीट बंटवारे में सारण शिक्षक सीट जदयू के खाते में चली गई. एक तरफ जदयू ने आनंद पुष्कर को अपना उम्मीदवार बनाया तो पार्टी और गठबंधन समर्थित प्रत्याशी के विरुद्ध ही राहुल राज निर्दलीय मैदान में कूद गए. इस वजह से भाजपा ने उन्हें 6 वर्षों के लिए पार्टी से बाहर भी कर दिया. अब चुनाव जीतने के बाद सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अटकलें लगाई जा रही है कि अब उनकी घर वापसी हो जाएगी.
बता दें कि राहुल राज ने द्वितीय वरीयता की गिनती में सारण शिक्षक निर्वाचन सीट से जदयू के उम्मीदवार आनंद पुष्कर और वर्तमान एमएलसी जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अफाक अहमद को हरा कर एमएलसी बने हैं. पहली वरीयता की गिनती में राहुल राज को 2723 वोट मिले थे जबकि जदयू के आनंद पुष्कर को 2440 तथा अफाक अहमद को 1999 वोट. वहीं दूसरी वरीयता की गिनती में उन्होंने जदयू के आनंद पुष्कर को 1815 वोट से ही दिया. अब राजीव प्रताप रूडी के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि जल्दी ही उनकी घर वापसी हो जाएगी.