आसानी से करा सकेंगे दिल की जांच! बिहार के 606 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त ECG की सुविधा
बिहार के 606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त ECG जांच की सुविधा उपलब्ध है. अप्रैल 2025 से 26 सितंबर 2026 तक 11.43 लाख से ज्यादा ECG जांच की जा चुकी हैं.
पटना (PATNA): बिहार में दिल से जुड़ी बीमारियों की समय पर जांच के लिए सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है. इसी कड़ी में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त ECG जांच की सुविधा दी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अप्रैल 2025 से 26 सितंबर 2026 तक राज्य में 11.43 लाख से ज्यादा ECG जांच हो चुकी हैं.
10 मिनट में मिल रही जांच रिपोर्ट
सरकारी अस्पतालों में ECG जांच कराने वाले मरीजों को रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता. विभाग के अनुसार जांच के करीब 10 मिनट के भीतर रिपोर्ट तकनीकी व्याख्या के साथ उपलब्ध करा दी जाती है. इससे डॉक्टरों को मरीज की स्थिति समझने और आगे की जांच या इलाज का फैसला लेने में मदद मिलती है.
ECG जांच की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अप्रैल-जून 2025 के दौरान 15,086 जांच हुई थीं. जुलाई-सितंबर में यह आंकड़ा बढ़कर 57,440 हो गया. अक्टूबर-दिसंबर 2025 में 1,43,943 और जनवरी-मार्च 2026 में 2,57,605 जांच की गईं. अप्रैल-जून 2026 में 3,11,903 और जुलाई से 26 सितंबर तक 3,57,928 ECG जांच दर्ज की गई हैं.
606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधा
फिलहाल राज्य के 606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त ECG जांच की सुविधा उपलब्ध है. इसमें जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं.
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण इलाकों के मरीजों को मिल रहा है. अब ECG के लिए हर बार निजी अस्पताल या बड़े शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती. नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच हो जाने से लोगों का समय और आने-जाने का खर्च बच रहा है.
समय पर बीमारी की पहचान पर जोर
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मुफ्त ECG सेवा का विस्तार लोगों तक जरूरी जांच सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है. खासकर हृदय से जुड़ी संभावित समस्याओं की शुरुआती पहचान में इससे मदद मिल सकती है. विभाग आने वाले समय में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दे रहा है.