टीएनपी डेस्क: दिन में आस्था का संगम, संस्कृति की झलक, पशुओं का बाजार और मनोरंजन का महाकुंभ! लेकिन जैसे-जैसे सूरज ढलता है, सोनपुर मेले की कुछ गलियों में मनोरंजन की एक अलग दुनिया सजने की चर्चा सामने आती है. बिहार में विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला सिर्फ पशुओं की खरीद-बिक्री और धार्मिक आस्था के लिए ही नहीं बल्कि अपने थिएटर और आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों के लिए भी चर्चा में रहता है. दिन में जहां मेले में पशुओं, दुकानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रौनक दिखाई देती है वहीं शाम ढलते ही थिएटरों में नृत्य और संगीत के कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं. इन कार्यक्रमों में परफॉरमेंस करने वाली लड़कियों को बार बालाएं कहा जाता है. सवाल है कि आखिर मेले में बार बालाओं की एंट्री कैसे होती है? इन्हें कौन बुलाता है? इनके आने-जाने, रहने और कार्यक्रमों का इंतजाम कौन करता है? और सबसे बड़ा सवाल... इस पूरे खेल में लाखों रुपये का कारोबार किसके इशारे पर चलता है? इस सवाल का जवाब केवल मनोरंजन की दुनिया तक सीमित नहीं है. इसके पीछे रोजगार, आर्थिक मजबूरी, पारिवारिक जिम्मेदारियां और कई मामलों में शोषण की गंभीर कहानी भी छिपी हुई है.

भारत के अलग-अलग राज्यों और नेपाल से आती हैं नृत्यांगनाएं
सोनपुर मेले में प्रस्तुति देने वाली सभी लड़कियां बिहार की ही रहने वाली नहीं होती हैं. इनके आने का दायरा कई राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल तक फैला हुआ है. रूरल इंडिया ऑनलाइन की एक ग्राउंड रिपोर्ट में सोनपुर मेले में काम कर चुकी नृत्यांगना मुस्कान के हवाले से बताया गया है कि मेले के आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में भारत और नेपाल के अलग-अलग हिस्सों से करीब 200 लड़कियां आती हैं. यह संख्या संबंधित कलाकार का बताया हुआ अनुमान है ये कोई आधिकारिक सरकारी आंकड़ा नहीं है.
वहीं, 25 नवंबर 2025 को सोनपुर मेले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुक्त कराई गई पांच नाबालिग लड़कियों में दो उत्तर प्रदेश, एक मध्य प्रदेश, एक छत्तीसगढ़ और एक नेपाल की रहने वाली थी. यह मामला बताता है कि मेले में आने वाली लड़कियों का नेटवर्क अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ है.

कौन होती हैं ये लड़कियां और कैसे पहुंचती हैं सोनपुर?
इनमें से कई लड़कियां पहले से ही डांस ग्रुप और आर्केस्ट्रा से जुड़ी होती हैं. कुछ शादियों, त्योहारों, निजी आयोजनों और दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती हैं. सोनपुर मेले के दौरान थिएटर संचालक और कार्यक्रमों से जुड़े आयोजक अलग-अलग जगहों से कलाकारों को बुलाते हैं. इसके लिए बीच में बिचौलियों या थिएटर से जुड़े लोगों की भी भूमिका भी होती है. वे कलाकारों से संपर्क करते हैं और उन्हें मेले में काम दिलाने में मदद करते हैं.
द हिंदू की एक ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार थिएटर संचालकों के लिए कलाकारों को जुटाने का काम करने वाले लोग अलग-अलग राज्यों से लड़कियों को सोनपुर लाते हैं. रिपोर्ट में एक शख़्स ने बताया था कि उसने महाराष्ट्र, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल से 28 लड़कियों को एक थिएटर के लिए बुलाया था. ऐसेमें कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनपुर मेले के थिएटरों में कलाकारों की भागीदारी केवल बिहार तक सीमित नहीं है बल्कि कई राज्यों से यहाँ लड़कियों को लाया जाता है.

कितनी होती है इनकी कमाई?
इन कार्यक्रमों में काम करने वाली नृत्यांगनाओं की कमाई भी अलग-अलग होती है. यह उनके अनुभव, कार्यक्रम और आयोजक के साथ हुए समझौते पर निर्भर करती है. रूरल इंडिया ऑनलाइन की रिपोर्ट में बताया गया है कि बिहार के सामान्य आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में नृत्यांगनाओं को एक प्रस्तुति के लिए लगभग 1,500 से 2,000 रुपये मिलते हैं. अनुभवी कलाकारों की एक प्रस्तुति की कमाई 5,000 रुपये तक बताई गई है.
वहीं, द हिंदू की सोनपुर मेले पर आधारित रिपोर्ट में एक कलाकार ने बताया था कि उसे प्रतिदिन 2,000 से 3,500 रुपये तक मिलते हैं. शुरुआती कलाकारों की कमाई इससे कम हो सकती है. हालांकि, ये अलग-अलग रिपोर्टों में दर्ज कलाकारों के अनुभव हैं. इन्हें सोनपुर मेले की सभी नृत्यांगनाओं की तय कमाई नहीं माना जा सकता.
गरीबी और पारिवारिक जिम्मेदारियां भी बनती हैं वजह
इन लड़कियों की जिंदगी बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, वास्तविकता कई बार उससे बिल्कुल अलग होती है. कुछ कलाकार परिवार चलाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए इस काम से जुड़ती हैं.
द हिंदू की रिपोर्ट में शामिल एक कलाकार ने बताया था कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण उसने नृत्य को रोजगार के रूप में चुना. वहीं, रूरल इंडिया ऑनलाइन की रिपोर्ट में भी एक कलाकार की कहानी सामने आई, जिसने घरेलू परिस्थितियों से निकलकर अपनी बेटी की परवरिश के लिए आर्केस्ट्रा में काम शुरू किया. इसलिए हर कलाकार की कहानी एक जैसी नहीं है. कुछ इसे पेशे के रूप में चुनती हैं, तो कुछ के सामने आर्थिक परिस्थितियां और कई मजबूरियाँ होती हैं

सोनपुर मेले में नाबालिग लड़कियों के शोषण का मामला भी आया सामने
सोनपुर मेले के थिएटरों और आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों को लेकर सबसे गंभीर सवाल नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा का है. 25 नवंबर 2025 को सारण पुलिस ने सोनपुर मेले के अलग-अलग आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में छापेमारी कर पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया था. पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों से कथित तौर पर जबरन नृत्य कराया जा रहा था. इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी. इसके बाद प्रशासन की कार्रवाई में संबंधित दो थिएटरों के लाइसेंस रद्द किए जाने की खबर भी सामने आई थी.
जनवरी 2026 में जर्मन मीडिया संस्थान DW ने भी सोनपुर मेले के आर्केस्ट्रा कलाकारों पर एक ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की. इसमें बताया गया कि इस क्षेत्र में गरीबी, उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसी समस्याएं भी मौजूद हैं. रिपोर्ट ने कलाकारों की सुरक्षा और उनके शोषण को लेकर गंभीर सवाल उठाए.
सोनपुर मेले में थिएटर की परंपरा कितनी पुरानी है?
सोनपुर मेले में थिएटर और नौटंकी की परंपरा नई नहीं है. पहले यहां ऐतिहासिक और पौराणिक कहानियों पर आधारित नौटंकी और नाटकों का मंचन होता था. समय के साथ मनोरंजन के स्वरूप में बदलाव आया और नृत्य-आधारित कार्यक्रमों का चलन बढ़ा.
नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट में बुजुर्गों के हवाले से बताया गया है कि वर्ष 1909 के आसपास मेले में थिएटर आने शुरू हुए थे. 1934-35 के दौरान मोहन खां की नौटंकी कंपनी और गुलाब बाई जैसी कलाकारों की प्रस्तुतियां काफी लोकप्रिय थीं. आज भी मेले के थिएटरों में मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित होते हैं, लेकिन इनके स्वरूप और कलाकारों की परिस्थितियों को लेकर समय-समय पर बहस होती रही है

