नीरज के इशारे पर हो रहा सब कुछ..., कोर्ट के सरेंडर करने के आदेश पर अनंत सिंह ने कहा 'सब कुछ वही करवा रहा'
विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया है.
पटना: विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया है. कोर्ट के आदेश के बाद मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पटना आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पूरे प्रकरण का आरोप नीरज कुमार पर लगाया. उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि जब तक नीतीश कुमार ठीक थे तब तक कहीं कुछ नहीं हुआ.
नीरज कुमार पर लगाए गंभीर आरोप
अनंत सिंह ने कहा कि जब हम विधायक बनकर आए थे उस समय हमारे ऊपर कोई केस नहीं था. विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने पूरी चाल चली और उसी ने दुलारचंद यादव की हत्या करवाई तथा मेरे ऊपर केस भी करवाया. अब एक बार फिर नीरज कुमार ने ही सुप्रीम कोर्ट में मामला ले जाकर मेरी जमानत रद्द करवाया है. अभी कोर्ट ने सरेंडर करने का आदेश दिया है तो मैं न्यायालय का सम्मान करता हूं और आत्मसमर्पण करूंगा. फिर यही कोर्ट मुझे जमानत देगा और उसके बाद में बाहर भी आऊंगा.
नीरज के ईशारे पर चली पार्टी और सरकार
इस दौरान अनंत सिंह से जब मीडिया के लोगों ने सवाल किया कि क्या वह ललन सिंह से मुलाकात करेंगे तो अनंत सिंह का साफ-साफ कहना था कि जब कुछ काम होगा तो अवश्य मुलाकात करेंगे लेकिन इस मामले में हम किसी से कोई मुलाकात करने नहीं जा रहे. वहीं सरकार और पार्टी को लेकर सवाल के जवाब में अनंत सिंह ने कहा कि मेरे मामले में ना तो पार्टी दोषी है और ना ही सरकार, लेकिन यह जरूर है कि नीरज कुमार के इशारे पर सरकार और पार्टी दोनों ने काम किया है. नीरज कुमार मुझे शुरू से फंसाने की कोशिश करते रहे हैं और जब मुझे यह पता चल गया कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में मेरे खिलाफ याचिका दायर करवाई है उसके बाद ही मैं चुनाव में उनका विरोध करना शुरू किया. जन सुराज पार्टी से मेरा न कोई भतीजा खड़ा था और ना ही कोई भाई था लेकिन नीरज कुमार की वजह से मैं उनका विरोध किया और जन सुराज के प्रत्याशी का समर्थन किया
कोर्ट के आदेश पर जाऊंगा जेल और फिर आऊंगा घर
इस दौरान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर कहा कि जब तक नीतीश कुमार ठीक थे तब तक कहीं कुछ नहीं हुआ. किसी की कुछ नहीं चली लेकिन जैसे ही नीतीश कुमार की तबीयत गड़बड़ हुई कुछ लोग पूरी पार्टी पर हावी हो गए. आज नीरज कुमार के जो चट्टे बट्टे हैं उन्होंने मुझे पार्टी से बाहर किया तथा मेरे ऊपर कार्रवाई की. आज मेरे ऊपर नीरज कुमार के इशारे पर कार्रवाई की जा रही है, और मुझे एक बार फिर जेल जाना पड़ेगा लेकिन मैं कोर्ट का सम्मान करता हूं और करता ही रहूंगा. कोर्ट ने आदेश दिया तो मैं जेल भी जाऊंगा फिर कोर्ट आदेश करेगा तो मैं अपने घर भी आऊंगा.