पटना (PATNA) : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. उन पर आय से अधिक संपत्ति बनाने का आरोप है. EOU की टीम पटना, भागलपुर, नोएडा और दिल्ली समेत छह स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है.
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
EOU के अनुसार पवन कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. जांच में सामने आया है कि उन्होंने लगभग 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार रुपये की ऐसी संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 103.94 प्रतिशत अधिक है. इसी मामले में विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर EOU की टीम ने कार्रवाई शुरू की है.
पवन कुमार के कुल छह ठिकानों पर छापेमारी
छापेमारी पवन कुमार के कुल छह ठिकानों पर की जा रही है। इनमें पटना के उत्तरी श्रीकृष्णापुरी स्थित यमुना निवास अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर बी-305, पटना स्थित उनका कार्यालय, भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी तिलकामांझी स्थित आवास, नोएडा सेक्टर-75 स्थित फ्लैट, नोएडा का एक अन्य आवासीय ठिकाना तथा नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट शामिल हैं.
अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच
EOU की अलग-अलग टीमें इन सभी स्थानों पर दस्तावेजों, निवेश, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़े विस्तृत विवरण सार्वजनिक किए जाएंगे.
फिलहाल EOU की इस कार्रवाई से विभागीय और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

