टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसों और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की नई डीलक्स बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. सरकार का कहना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी.
आधुनिक तकनीक से जुड़ी कई सुविधाएं
नई बसों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक से जुड़ी कई सुविधाएं दी गई हैं. इन बसों में सफर पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद होगा. सरकार का मानना है कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन मिलने से लोग निजी वाहनों की जगह बसों का अधिक उपयोग करेंगे.इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहरों में किया जाएगा. इन बसों के चलने से वायु प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. यह योजना राज्य में हरित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
अब लंबी दूरी तय करना हुआ आसान
वहीं, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की नई डीलक्स बसों का परिचालन दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा सहित कई प्रमुख अंतरराज्यीय मार्गों पर किया जाएगा. इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुरक्षित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा.इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा सहित परिवहन विभाग और बीएसआरटीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

