Bankipur By-Election: हरिहरनाथ मंदिर में पूजा के बाद प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन, समर्थकों संग निकाली पदयात्रा

Bankipur By-Election: हरिहरनाथ मंदिर में पूजा के बाद प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन, समर्थकों संग निकाली पदयात्रा

पटना (BIHAR) : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार सुबह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. उन्होंने मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लिया और अपनी जीत की कामना की.

नामांकन से पहले  पदयात्रा निकाली

मंदिर में पूजा करने के बाद प्रशांत किशोर पटना पहुंचे, जहां नामांकन से पहले उन्होंने एक पदयात्रा निकाली. इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर पूरे उत्साह के साथ प्रशांत किशोर का समर्थन किया. रास्ते भर समर्थकों ने नारे लगाए और उनका स्वागत किया.

पटना कलेक्ट्रेट परिसर में भावुक पल

नामांकन प्रक्रिया से पहले पटना कलेक्ट्रेट परिसर में एक भावुक पल भी देखने को मिला. यहां प्रशांत किशोर की पत्नी और उनका बेटा भी पहुंचे. दोनों ने उन्हें नामांकन से पहले शुभकामनाएं दीं और जीत के लिए अपना समर्थन जताया. परिवार की मौजूदगी ने इस मौके को और खास बना दिया.

मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता

प्रशांत किशोर ने कहा कि वह बांकीपुर की जनता के विश्वास और समर्थन के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं. उनका दावा है कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार बांकीपुर में नई राजनीति की शुरुआत होगी. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के विकास, बेहतर शिक्षा, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है.

जन सुराज के कार्यकर्ताओं में उत्साह

वहीं, पदयात्रा के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि चुनाव को लेकर जन सुराज के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. समर्थकों का कहना है कि वे पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार करेंगे और प्रशांत किशोर को जीत दिलाने का प्रयास करेंगे.

राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद

अब बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सभी की नजरें प्रशांत किशोर के चुनावी अभियान और आगे की रणनीति पर टिकी हैं. उनके नामांकन के साथ ही इस सीट पर राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद जताई जा रही है.