तेजस्वी ने बांकीपुर हार किया स्वीकार, लेकिन सरकार पर बरसे, EO हत्याकांड पर मांगा जवाब

तेजस्वी ने बांकीपुर हार किया स्वीकार, लेकिन सरकार पर बरसे, EO हत्याकांड पर मांगा जवाब

पटना (PATNA) :नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों और देहरी की कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमारी हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है उसे राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह स्वीकार करता है. हालांकि उन्होंने दावा किया कि जनता में बीजेपी के खिलाफ नाराजगी साफ दिखाई दे रही है.

कोई उल्लेखनीय काम दिखाई नहीं देता

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने हाल में एमएलसी चुनाव जीता है, जबकि बीजेपी एमएलसी और विधायक दोनों चुनाव हार चुकी है. उन्होंने सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद 150 दिनों में उनका कोई उल्लेखनीय काम दिखाई नहीं देता.

50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने देहरी की EO विमल कुमारी की हत्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि दो दिन पहले उनकी मुलाकात मृतका के परिजनों से हुई थी. परिवार ने एनडीए समर्थित लोजपा विधायक सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का दावा किया है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पुलिस इस पहलू की निष्पक्ष जांच नहीं कर रही और असली आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है.

संभावित आरोपियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए

उन्होंने कहा कि आईजी विकास वैभव और विधायक सोनू सिंह के संबंधों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. साथ ही ड्राइवर के लगातार बदलते बयान पर भी उन्होंने संदेह जताया. तेजस्वी ने कहा कि केवल ड्राइवर को दोषी ठहराने से पूरे मामले का सच सामने नहीं आएगा और सभी संभावित आरोपियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह दूसरे सरकारी अधिकारी की हत्या है. उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने, मृतका के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.