सुबह-सुबह पटना में धांय धांय, चाचा ने भतीजे की गोली मार कर दी हत्या, इलाके में सनसनी
राजधानी पटना में सुबह सुबह एक चाचा ने अपने ही भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने कहा कि दोनों एक दूसरे को मारना चाहते थे, मेरे पति ने मारा.
पटना: विजयादशमी की अहले सुबह राजधानी गोलियो की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा. जब गोलीबारी खत्म हुई तो पता चला कि एक चाचा ने अपने ही भतीजे की गोली मार कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. घटना राजधानी के फुलवारीशरीफ़ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव की है जबकि मृतक की पहचान दीपक कुमार के रूप में की गई. घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है जबकि उसकी पत्नी ने कहा कि मेरे पति ने गोली मार कर हत्या की है. आरोपी की पत्नी ने बताया कि मेरे पति का मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध था और इस वजह से दोनों एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देते रहते थे.
वहीं घटना को लेकर मृतक की मां ने जमीन विवाद का कारण बताया है. मृतक की मां ने बताया कि आरोपी ने धोखे से मेरे बेटे बहू से सड़क किनारे की महंगी जमीन लिखवा ली थी. विरोध करने पर अक्सर गाली गलौच करता था और आज सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद चाचा ललन शर्मा ने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है. जानकारी मिल रही है कि पुलिस ने मौके से 6 खोखे बरामद किए हैं साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.